तीरंदाज दीपिका की शंका को गंभीर ने किया दूर

तीरंदाज दीपिका की शंका को गंभीर ने किया दूर

नई दिल्ली, | भारत की तीरंदाज दीपिका कुमारी के पूर्वी दिल्ली के यमुना स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स को क्रिकेट ग्राउंड में तब्दील नहीं करने की अपील के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद गौतम गंभीर ने उनकी शंका दूर करते हुए कहा है कि इस स्टेडियम को क्रिकेट ग्राउंड में नहीं बदला जा रहा है। पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद ने बुधवार की रात ग्राउंड का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, “विज्ञापन इरादे और कड़ी मेहनत की जगह नहीं ले सकते। पूर्वी दिल्ली प्रो क्रिकेट के लिए तैयार है।”

टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने जा रहीं दीपिका ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा, “मैं 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में इसी ग्राउंड में खेलकर दीपिका बनीं हूं। तीरंदाजी के इस ग्राउंड को कृपया करके क्रिकेट ग्राउंड में नहीं बदलें। यह एशिया का सबसे बेहतरीन तीरंदाजी ग्राउंड में से एक है जहां अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी टूर्नामेंट हो सकते हैं।”

इसके एक घंटे बाद गंभीर ने दीपिका की शंका दूर करते हुए ट्वीट कर कहा, “यमुना स्पोटर्स ग्राउंड को तब्दील नहीं किया जा रहा है बल्कि इसे अपग्रेड किया जा रहा है। तीरंदाजी और अन्य स्पोटर्स वैसे ही होंगे जैसे पहले होते थे। एक खिलाड़ी होने के नाते मैं कोई काम ऐसा नहीं करूंगा जिससे किसी खिलाड़ी के विकास में बाधा आए।”

यमुना स्पोटर्स कॉम्पलेक्स ने 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में तीरंदाजी इवेंट की मेजबानी की थी। दीपिका ने यहां व्यक्तिगत और टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website