फरवरी में देश का आयात 36 प्रतिशत और निर्यात 25 प्रतिशत बढ़ा

फरवरी में देश का आयात 36 प्रतिशत और निर्यात 25 प्रतिशत बढ़ा

नयी दिल्ली :| फरवरी 2022 में देश का कुल निर्यात 25.10 प्रतिशत बढ़ा जबकि इस अवधि में आयात भी 35.64 प्रतिशत बढ़ गया।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक फरवरी 2022 में देश का कुल निर्यात 57.03 अरब डॉलर का रहा जबकि फरवरी 2021 में यह आंकड़ा 45.48 अरब डॉलर और फरवरी 2020 में 44.88 अरब डॉलर रहा था।

फरवरी 2021 की तुलना में इस साल फरवरी में निर्यात में 25.41 प्रतिशत और फरवरी 2020 की तुलना में 27.07प्रतिशत की तेजी दर्ज की गयी।आलोच्य माह में भारत ने 69.35 अरब डॉलर की वस्तुओं एवं सेवाओं का आयात किया जबकि फरवरी में यह आंकड़ा 51.13 अरब डॉलर और फरवरी 2020 में 47.95 अरब डॉलर रहा था।फरवरी 2021 की तुलना में फरवरी 2022 में आयात 35.64 प्रतिशत और फरवरी 2020 की तुलना में 44.62 प्रतिशत बढ़ गया।

निर्यात की अपेक्षा आयात बिल अधिक होने से भारत का व्यापार संतुलन फरवरी 2022 में नकारात्मक 12.32 अरब डॉलर, फरवरी 2021 में 5.65 अरब डॉलर तथा फरवरी 2020 में 3.07 अरब डॉलर रहा।

अप्रैल 21 से फरवरी 22 के बीच देश का कुल निर्यात 601.77 अरब डॉलर रहा जो गत वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 36.19 प्रतिशत अधिक है।

अप्रैल 21 से फरवरी 22 के बीच देश का कुल आयात बिल 683.01 अरब डॉलर का रहा, जो गत वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 51.51 प्रतिशत अधिक है।

फरवरी 2022 में पेट्रोलियम उत्पादों, इलेक्ट्रॉनिक सामानों, हस्तशिल्प उत्पादों, चमड़े, कॉफी, प्लास्टिक, रत्न, जेवरात, मांग, दुग्ध उत्पाद, तंबाकू, अनाज और चावल का निर्यात बढ़ा जबकि लौह अयस्क, मसालों, कालीन, काजू, तिलहन, सिरेमिक उत्पाद, कांच के बर्तन और दवाओं का निर्यात घट गया।

आलोच्य माह में फल, सब्जी, परिवहन उपकरण का आयात घटा लेकिन चांदी के आयात में जबरदस्त उछाल आया। इस दौरान उर्वरक, कच्चा तेल, कोयला, दालों और खाद्य तेल का आयात भी बढ़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website