बीजिंग, | शांगहाई सहयोग संगठन की स्थापना की 15 जून को 20वीं वर्षगांठ है। स्थानीय समयानुसार, 14 जून को कजाखस्तान के राष्ट्रपति पुस्तकालय के प्रथम उप प्रधान तिमूर शैमर्जनोव ने सीएमजी के संवाददाता को इंटरव्यू देते हुए शांगहाई सहयोग संगठन की स्थापना के बाद प्राप्त बड़ी सफलताओं का उच्च मूल्यांकन किया। उन्होंने कहा कि सदस्य देशों के बीच आपसी विश्वास शांगहाई सहयोग संगठन का आधार है। कजाखस्तान शांगहाई सहयोग संगठन के संस्थापकों में से एक है। इस मंच के माध्यम से कजाखस्तान निरंतर क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक व व्यापारिक और मानवीय व सांस्कृतिक सहयोग का विकास कर रहा है। इसके प्रति शैमर्जनोव ने कहा कि स्थापना के बाद 20 वर्षों में शांगहाई सहयोग संगठन ने सफलता से सदस्य देशों के बीच आपसी विश्वास को बढ़ावा दिया है, बहुपक्षीय आदान-प्रदान व सहयोग को मजबूत किया है, और सुचारू ढंग से संगठन का आरंभिक कर्तव्य निभाया है।
इस संगठन के पैमाने के दिन-ब-दिन विस्तृत होने के साथ इसकी भूमिका भी सदस्य देशों के दायरे से पार हो गई है। ध्यानाकर्षक बात यह है कि शांगहाई सहयोग संगठन ने सुरक्षा सहयोग के नए पैटर्न का निर्माण किया है, जिससे कारगर रूप से क्षेत्रीय सुरक्षा व स्थिरता को सुनिश्चित किया जा सकता है, और विभिन्न तरह की धमकियों से निपटा जा सकता है।