कश्मीर के बारे में ऐसा कहा जाता है कि अगर धरती पर कहीं स्वर्ग है, तो यहीं है। यह सच है कि धरती पर अगर जन्नत का नजारा देखना हो तो कश्मीर से सुन्दर और कुछ भी नहीं। कश्मीर हमारे विंटर हॉलिडे डेस्टिनेशन की लिस्ट में भी सबसे ऊपर है। यहां बर्फ से ढकी वादियां देख कर आप ऐसा महसूस करेंगे कि जैसे यह पूरी घाटी रूई से ढकी हुई हो। इसके अलावा यहां अल्पाइन के पेड़, झरने और खूबसूरत रंग बिरंगे फूल आपका मन मोह लेंगे। यहां विभिन्न प्रकार की वनस्पति भी पाई जाती है। कश्मीर के सेब दुनिया भर में प्रसिद्ध हैं। अगर आप भी कश्मीर जाने का मन बना रहे हैं तो इन जगहों का आनंद जरूर उठाएं।
गुरेज घाटी

बहुत से लोग इस शायद इस घाटी के बारे में ना जानते हों, लेकिन यह जम्मू कश्मीर में एक बेहतरीन जगह है। लगभग 8000 फीट की उंचाई पर स्थित इस जगह की खूबसूरती देखते ही बनती है। यहां पर आने वाले सैलानी रॉक क्लाइंबिंग, फिशिंग और ट्रैकिंग का लुत्फ भी उठाते हैं। आप यहां पर गंगाबल झील व कई ऊंचे-ऊंचे पहाड़ स्थित हैं।
श्रीनगर

जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर कश्मीर की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। अगर आप कश्मीर जा रहे हैं तो आप डल झील पर शिकारा की सवारी जरूर करे। यह भारत की सबसे खूबसूरत झीलों में से एक है और जम्मू-कश्मीर की दूसरी सबसे बड़ी झील। इसके अलावा आप शंकराचार्य मंदिर से शहर का नजारा देख सकते हैं।
गुलमर्ग

समुद्र तल से 2730 मीटर की ऊंचाई पर स्थित, गुलमर्ग एक लोकप्रिय स्कीइंग डेस्टिनेशन है। चारों ओर बर्फ से ढंके हुए ऊंचे हिमालय, फूलों की घास, गहरी खड्डों, सदाबहार वन घाटियों से घिरा, गुलमर्ग में दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची गोंडोला सवारी भी है। वैसे गुलमर्ग अब एक एंडवेचर हब के रूप में भी विकसित हो रहा है, क्योंकि इंडियन इंस्टीट्यूट आॅफ स्कीइंग और माउंटेनियरिंग यहां स्थित है।
पहलगाम

पहलगाम में आपको एक अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य का नजारा देखने को मिलता है। अगर आप कश्मीर जा रहे हैं तो यहां के मनलुभावन प्राकृतिक नजारे का आनंद जरूर लें। यहां पर आपको छोटे-छोटे घर, हरे-भरे खेत और केसर के खेत व घाटियों का नजारा दिखेगा। आप यहां पर फिशिंग का मजा भी ले सकते हैं।
सोनमर्ग

सोनमर्ग यकीनन कश्मीर के सबसे मनोरम दृश्यों में से एक है। बर्फ से ढके पहाड़, हरी घास के मैदान और टट्टू (जिस पर सवारी करते हैं) इस जगह को सच में जन्नत बनाते हैं। यहां पर आप रिवर राफ्टिंग, जोरिंग और ट्रेकिंग का लुत्फ उठा सकते हैं। हालांकि भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के कारण सर्दियों में यहां पर पहुंचना कठिन होता है।