मध्यप्रदेश में करीब एक सप्ताह बाद तापमान गिरकर जमीन पर आ गया है। बादलों के जाते ही रात का पारा सिकुड़ने लगा है। शुक्रवार की रात प्रदेश में इस सीजन पहली बार एक साथ तापमान गिरने वाली रही। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में रात का पारा 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। सबसे ज्यादा मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।
मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि अभी दो दिन तक इसी तरह तापमान रहेगा, इसके बाद तापमान में कुछ बढ़ोतरी होगी। अगला वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 13 नवंबर से आएगा। इससे दिन और रात का पारा चढ़ेगा।
मध्यप्रदेश में 9 दिन से रात का पारा 15 से ऊपर और दिन में यह 30 से ऊपर चल रहा था। शुक्रवार को दिन के बाद रात का तापमान भी लुढ़का है। कहीं-कहीं तो यह 3 से 4 डिग्री तक लुढ़क गया। भोपाल में गुरुवार रात का पारा 17.5 डिग्री सेल्सियस था, जो शुक्रवार रात 14.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इसी तरह पारे में ग्वालियर में 3 और इंदौर में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट रही। दतिया, गुना, रायसेन, राजगढ़, दमोह और नौगांव में भी 2 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान लुढ़का है।