भोपाल: आर्थिक आधार पर आरक्षण समेत 21 सूत्रीय मांगों को लेकर लेकर भोपाल के जंबूरी मैदान पर करणी सेना परिवार का महा आंदोलन जारी है। इन मांगों को लेकर संगठन प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर अनशन पर बैठ गए है। उन्होंने मांगें नहीं मानने पर विधानसभा घेराव की चेतावनी दी, हालांकि बाद में प्रशासन के अधिकारियों ने उनसे बातचीत का समय मांगा, जिसके बाद फिलहाल प्रस्तावित विधानसभा घेराव टाल दिया गया है।
जीवन सिंह शेरपुर ने कहा कि हमने मांगें पूरी करने के लिए 4 बजे तक का समय दिया था। इस पर सरकार ने हमसे समय मांगा है। हमने उन्हें समय दिया है। इसके साथ ही हम अपना अनशन शुरू कर रहे हैं। हम यहीं बैठेंगे। तक तक मैदान नहीं छोड़ेंगे, जब तक मांगे पूरी नहीं होंगी।
रविवार को एमपी की राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में हो रहे प्रदर्शन में मध्यप्रदेश के अलावा हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से भी करणी सेना के हजारों कार्यकर्ता पहुंचे हैं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता ‘माई के लाल’ और ‘जय भवानी’ के नारे लगाए नजर आए। प्रदर्शन के लिए शनिवार रात से ही लोग जंबूरी मैदान पर जुटना शुरू हो गए थे। सुबह होते होते पूरा मैदान कार्यकर्ताओं से भर गया। इधर, पुलिस ने जंबूरी मैदान की ओर जाने वाले रास्तों का ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया। भारी भीड़ से कई जगहों पर जाम की स्थिति बनी।