झारखंड की कोडरमा से राजद का है प्रत्याशी
रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में राष्ट्रीय जनता दल ने अपने छह उम्मीदवारों की पहली और आखिरी सूची जारी की है। सूची जारी होते ही आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और उनके पिता और पूर्व सीएम लालू यादव दोनों चर्चा में आ गए हैं। दरअसल, आरजेडी ने जिन छह प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है, उसमें से एक उम्मीदवार की पुलिस रिकॉर्ड में बालू माफिया और शराब माफिया के तौर पर पहचान है। इतना ही नहीं मार्च 2024 में ईडी की रेड में 150 करोड़ की अवैध संपत्ति का भी पता चला था। लालू का वहीं सिपाही इस बार झारखंड विधानसभा चुनाव जेल से लड़ेगा। दो दिन पहले तक दो दर्जन सीटों पर लड़ने का दावा करने वाली आरजेडी अब महज छह सीटों पर लड़ेगी। पार्टी ने देवघर से सुरेश पासवान, गोड्डा से संजय प्रसाद यादव, हुसैनाबाद से संजय कुमार सिंह यादव, विश्रामपुर से नरेश प्रसाद सिंह, चतरा से मौजूदा विधायक सत्यानंद भोक्ता की बहु रश्मि प्रकाश और कोडरमा से सुभाष यादव को मैदान में उतारा है।
बता दें कि साल 2019 के विधानसभा चुनाव में आरजेडी सात सीटों पर चुनाव लड़ी थी, जिसमें सिर्फ एक सीट पर जीत दर्ज की थी। लेकिन, इस बार आरजेडी के इन घोषित उम्मीदवारों में सुभाष यादव के नाम पर बवाल मचा गया है। पुलिस रिकॉर्ड में सुभाष यादव बालू माफिया और शराब माफिया के तौर पहचाना जाता है। हाल ही में ईडी ने सुभाष यादव के कई ठिकानों पर रेड कर बाद उसकी गिरफ्तारी की थी। सुभाष यादव के बारे में कहा जाता है कि वे लालू प्रसाद यादव के बुरे दिन के साथी रहे हैं। आरजेडी के लिए फंड मैनेजर का भी काम करते हैं। सुभाष बेउर जेल में बंद हैं और नोमिनेशन के लिए इन्होंने पैरोल मांगा है। साल 2019 के विधानसभा चुनाव में भी आरजेडी ने कोडरमा से प्रत्याशी बनाया था। लेकिन, झारखंड के वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने के कारण उनकी उम्मीदवारी रद्द हो गई थी।