भोपाल। तुलसी साहित्य अकादमी ने हर साल दिये जाने वाले अपने साहित्यिक सम्मानों की घोषणा कर दी है। राजधानी के वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, समीक्षक और स्तंभकार श्री विनोद नागर का चयन वर्ष 2024 के तुलसी सम्मान के लिए किया गया है। उन्हें यह सम्मान आगामी शनिवार 16 नवंबर को भोपाल में आयोजित 24वें अखिल भारतीय साहित्यकार सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में प्रदान किया जाएगा।
अकादमी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मोहन तिवारी ‘आनंद’ के अनुसार सम्मान समारोह में कुल 21 साहित्यकारों को उनके रचनात्मक योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। श्री नागर का चयन उनकी पचास साल की लेखन यात्रा को समेटे छह खण्डों वाले ‘रचना समग्र’ के लिए किया गया है।
लेखक की अभी तक नौ पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं और उन्हें इसी वर्ष बालकवि बैरागी शिखर सम्मान, कादंबरी सम्मान और अखिल हिन्दी साहित्य सभा (अमरावती) का अहिसास सम्मान मिला है। श्री नागर सूचना और प्रसारण मंत्रालय की भारतीय सूचना सेवा के वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं और 2016 में दूरदर्शन केन्द्र, भोपाल से संयुक्त निदेशक (समाचार) के पद से सेवा निवृत्त होने के बाद स्वतंत्र लेखन की सृजनात्मक गतिविधियों में निरंतर सक्रिय हैं।