कैम्ब्रिज: लंदन के कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में आइडियाज ऑफ इंडिया सेमिनार में राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। राहुल ने कहा कि चीन ने लद्दाख और डोकलाम में यूक्रेन जैसे हालात कर दिए हैं, लेकिन सरकार इस पर एक्शन नहीं ले रही है। राहुल ने कहा कि सरकार इस मसले पर बोलने से भी डरती है।पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा- भाजपा देश में ध्रुवीक्ररण का केरोसिन छिड़क रही है। बस आपको एक चिंगारी लगाने की जरूरत है, फिर देश खुद जलने लगेगा।उन्होंने कहा कि कांग्रेस समेत समूचे विपक्ष की लड़ाई सबसे पहले इसे रोकने की है।
राहुल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि भारत में अभी लोकतंत्र की स्थिति अच्छी नहीं है। भाजपा के लोगों ने संवैधानिक पदों पर कब्जा कर लिया है। सभी सरकारी संस्थानों में पीछे से लोगों की एंट्री दी जा रही है। हम इन लोगों से लड़ रहे हैं।
कांग्रेस की हार और भाजपा की जीत के सवाल पर राहुल ने कहा कि हम लोगों के पास नहीं जा पा रहे हैं। हमें और अधिक आक्रामक रूप से उन 60-70% लोगों के पास जाने की जरूरत है, जो भाजपा को वोट नहीं देते हैं और हमें इसे एक साथ करने की जरूरत है।