चंडीगढ़ में सेक्टर-2 के राजिंदरा पार्क में सोमवार दोपहर जिंदा बम मिला है। इस पार्क के पास ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के आवास हैं। कुछ दूरी पर हेलीपैड भी है, जहां पंजाब के मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर लैंड करता है।
चंडीगढ़ पुलिस की टीमें, बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड मौके पर बुलाए गए हैं। बम को चारों तरफ से कवर कर दिया गया है। वहीं चंडीमंदिर में आर्मी को इसकी जानकारी दे दी गई है। आर्मी की बम डिस्पोजल टीम को बुलाया गया है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की कोठी से लगभग 1 किलोमीटर की दूरी पर राजिंदरा पार्क है। पार्क से आगे आम का बाग है। यहीं पर बाग में यह बम मिला है। बाग के अंदर लगे ट्यूबवेल के ऑपरेटर ने पुलिस को बम की सूचना दी। खबर लगते ही पुलिस टीम, एरिया DSP और चंडीगढ़ प्रशासन की डिजॉस्टर मैनेजमेंट टीम मौके पर पहुंच गईं। जांच करने पर यह एक जिंदा बम पाया गया।