रांची: झारखंड के पूर्व खेल मंत्री बंधु तिर्की के रांची के मोरहाबादी व बनहौरा स्थित आवास में CBI ने गुरुवार को छापेमारी की। बहुचर्चित 34वें राष्ट्रीय खेल घोटाले में यह कार्रवाई देशभर में करीब 18 जगहों पर चल रही है। CBI की पटना टीम रांची में छापेमारी के लिए पहुंची हुई है। पटना रेंज के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली हेड क्वार्टर से निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है। अब तक की जानकारी के अनुसार झारखंड में 12, पटना में 2, दिल्ली में 2 तथा नोएडा में 2 जगहों पर सर्च अभियान चल रहा है।
बंधु तिर्की के अलावा घोटाले से जुड़े सभी आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी हुई है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में सजा होने के बाद विधानसभा की सदस्यता गंवा चुके बंधु तिर्की फिलहाल दिल्ली में हैं। उनकी सदस्यता खत्म होने के बाद मांडर विधानसभा सीट पर 23 जून को उपचुनाव की घोषणा भी हो चुकी है।