देश में अगले 3-4 दिन में भीषण सर्दी शुरू हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 जनवरी से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। इससे मैदानी इलाकों में तापमान और गिर सकता है। दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से भी कम दर्ज किया गया।
वहीं, 2022 का दिसंबर महीना 122 साल में सबसे कम सर्दी वाला रहा। दिसंबर में देश का औसत तापमान 21.49 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1901 के बाद सबसे अधिक है। यह औसत सामान्य तापमान से एक डिग्री ज्यादा है। इससे पहले 2008 में औसत तापमान 21.46 डिग्री रहा था। हालांकि, दिन और रात के तापमान इतिहास में दूसरे सबसे गर्म दर्ज हुए हैं।
दिसंबर में औसत न्यूनतम तापमान 15.65 डिग्री रहा, जो दिसंबर 2008 के बाद दूसरा सबसे अधिक था। 2008 में औसत न्यूनतम तापमान 15.69 डिग्री रहा था। इसी तरह, दिसंबर 2022 का औसत अधिकतम तापमान 27.32 डिग्री दर्ज हुआ। इससे अधिक तापमान सिर्फ एक बार 2016 में 27.75 डिग्री दर्ज हुआ था।