छत्तीसगढ़ का सियासी संकट: सीएम बघेल के इस्तीफे के पक्ष में राहुल, सिंहदेव को कमान देने की तैयारी

छत्तीसगढ़ का सियासी संकट: सीएम बघेल के इस्तीफे के पक्ष में राहुल, सिंहदेव को कमान देने की तैयारी

नई दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस का सियासी संकट अब भी बरकरार है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एक हफ्ते में दूसरी बार दिल्ली पहुंचे हैं। यहां वे राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। शाम चार बजे उनकी मुलाकात हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो टीएस सिंहदेव भी दिल्ली में मौजूद हैं। राहुल सिंहदेव को ही राज्य का नया मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। उनका मानना है कि बघेल को अब इस्तीफा दे देना चाहिए और सिंहदेव को अगले ढाई तक राज्य की कमान संभालनी चाहिए। दिल्ली रवाना होने से पहले सीएम बघेल ने बताया कि उन्हें महासचिव केसी वेणुगोपाल का मैसेज मिला था। इसलिए दिल्ली जा रहे हैं। विधायकों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मेरे पास इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। कोई भी अपने नेता से मिलने जा सकता है। 

कई विधायक भी दिल्ली में 
छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में विधायक भी दिल्ली पहुंचे हैं। यह सभी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी बताए जा रहे हैं। राज्य सरकार दो मंत्री और कुछ विधायक पहले से ही राष्ट्रीय राजधानी में पहुंचे हुए हैं। इन विधायकों ने वरिष्ठ नेता व राज्य प्रभारी पीएल पूनिया से मुलाकात की। 

विवाद सुलझाने के बाद वापस आए थे बघेल 
हाल ही में भूपेश बघेल व मंत्री टीएस सिंहदेव दिल्ली में राहुल गांधी से मिले थे। इसके बाद उनकी मुलाकात महासचिव केसी वेणुगोपाल से भी हुई थी। इस बैठक के बाद माना जा रहा था कि कांग्रेस के अंदर विवाद कुछ शांत हुआ है, लेकिन एक बार फिर से सियासी अटकलें तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली रवाना होने से पहले एक दर्जन विधायकों ने रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में बैठक की थी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website