बिहार पहुंचा मानसून, 25 जिलों में बारिश का अलर्ट, मप्र में भी सक्रिय, मुंबई में 4 दिन के में 500 मिमी बारिश

बिहार पहुंचा मानसून, 25 जिलों में बारिश का अलर्ट, मप्र में भी सक्रिय, मुंबई में 4 दिन के में 500 मिमी बारिश

नई दिल्ली। दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के बाद अब मानसून देश के पूर्वी और मध्य भाग में सक्रिय हो गया है। बिहार में मानसून, मौसम विभाग के अनुमान से एक दिन पहले शनिवार को ही पहुंच गया है। पटना सहित 25 जिलों में रविवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में रुक-रुककर बारिश जारी है। मुंबई में पिछले चार दिनों के अंदर 641.3 मिमी बारिश हो चुकी है, जिससे कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। BMC ने समुद्र में हाई टाइड का अलर्ट जारी किया है, जिसे देखते हुए लोगों को बीच पर न जाने की सलाह दी गई है। हाई टाइड के दौरान 4 से 5 फीट ऊंची लहरें उठ सकती हैं। मुंबई में जून महीने में होने वाली बारिश का रिकॉर्ड टूट सकता है। अभी 2015 में हुई 1106.7 मिमी बारिश का रिकॉर्ड है।

मुंबई में टूट सकता है जून महीने का रिकॉर्ड
मुंबई में पिछले 4 दिनों से भारी बारिश का कहर जारी है। बेस स्टेशन सांताक्रूज में रविवार को सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटे में 107 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मुंबई में 10 जून (231 मिमी), 11 जून (107 मिमी) और 12 जून (107 मिमी) को तीनों ही दिन 100 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।

मुंबई में 9 जून को मानसून की जोरदार शुरुआत हुई और उसके बाद कोई कमी नहीं आई। मुंबई में अब तक कुल 641.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य (493.1 मिमी) से अधिक है। पिछले 4 दिनों में मुंबई में 500 मिमी से अधिक बारिश हुई है।

मुंबई के इन इलाकों में भरा पानी
रातभर हुई बारिश के बाद मुंबई में अंधेरी सबवे में भी पानी भर गया है, जिसके बाद उसे अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। कुर्ला, सांताक्रूज, अंधेरी समेत कई इलाकों में भी जलभराव शुरू हो गया है।

आज पूरे बिहार को कवर कर लेगा मानसून
पटना में शनिवार की शाम मूसलाधार बारिश होने के बाद रविवार की सुबह आसमान साफ हो गया है। पूर्वोत्तर जिलों में मानसून का असर दिख रहा है। मौसम विभाग ने विशेष अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि रविवार को मानसून पूरे राज्य को कवर कर लेगा। इसके बाद बारिश और तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बढ़ेगा।

शनिवार को बिहार में 3 से 27 MM तक बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगर बारिश तेज हुई तो मानसून तेजी से पूरे राज्य को कवर कर लेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को तेज हवाओं के साथ बारिश होगी और इस तरह के मौसम की चपेट में राज्य के कई जिले होंगे।

मध्यप्रदेश में भी मानसून सक्रिय
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में शनिवार की शाम बारिश हुई। इससे कई जगह पानी भर गया। इसके बाद रात करीब दस बजे दोबारा बारिश हुई। इससे पहले गुरुवार को मानसून ने बैतूल की तरफ से दस्तक दी थी। इसके बाद अब भोपाल में भी मानसून सक्रिय हो गया है।

हिमाचल में प्री मानसून की बारिश
शिमला सहित हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने माना है कि ये प्री-मानसून की बौछारें हैं। 20 जून के बाद मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो सकता है, जिससे प्रदेश के लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इस साल प्रदेश में किसानों पर मौसम कहर बन कर टूटा है। अप्रैल में बगीचों में फ्लॉवरिंग के दौरान बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि से सेब सहित दूसरे फलों को भारी नुकसान हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website