देश के 90% जिलों में इलाज करा रहे मरीज कम हुए, लेकिन बीते हफ्ते 70 जिलों में इनकी संख्या बढ़ी

देश के 90% जिलों में इलाज करा रहे मरीज कम हुए, लेकिन बीते हफ्ते 70 जिलों में इनकी संख्या बढ़ी

नई दिल्ली। देश में अब रोजाना कोरोना के 60 हजार से भी कम केस आ रहे हैं। राहत की बात है कि 650 जिलों में से 90% में एक्टिव केस कम हो रहे हैं। एक्टिव केस का मतलब ऐसे मरीज जिनका अभी इलाज चल रहा है। हालांकि 70 जिले ऐसे हैं जहां पिछले हफ्ते यानी 12 से 19 जून के बीच एक्टिव केस में बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई। इनमें भी सिर्फ 27 जिले ही ऐसे हैं, जहां एक्टिव केसेज में बढ़ोतरी 100 से ज्यादा रही और 10 जिलों में यह बढ़ोतरी सिंगल डिजिट में देखी गई।

23 जिले पश्चिम बंगाल के
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक जिन 70 जिलों में एक्टिव केस बढ़ रहे हैं, उनमें से 23 जिले पश्चिम बंगाल के हैं। यहां कोलकाता, पूर्वी मेदिनीपुर और उत्तर 24 परगना में सबसे ज्यादा मामले बढ़ रहे हैं। यहां एक्टिव केसेज का आंकड़ा 1.32 लाख तक पहुंच गया था। हालांकि अगले 20 दिन में ही यह आंकड़ा 15 हजार तक पहुंच गया था। इसके बाद एक बार फिर इसमें उछाल देखा गया। 19 जून को यह आंकड़ा 23 हजार तक पहुंच गया था। एक्टिव केस के मामले में बंगाल का देश में 8वां स्थान है।

रिकवरी कम होना एक बड़ी वजह
बंगाल में एक्टिव केस के बढ़ने की वजह नए केसेज में बढ़ोतरी नहीं है। राज्य में नए मामले लगातार घट रहे हैं। इन दिनों रोजाना 3 हजार के आसपास मामले आ रहे हैं, लेकिन पिछले एक हफ्ते में कोरोना से रिकवर होने वालों के आंकड़ों में गिरावट देखी गई है। इस वजह से एक्टिव केस में बढ़ोतरी हुई है। उदाहरण के लिए, शनिवार को राज्य में 2486 नए मामले आए थे और सिर्फ 2100 लोग ही रिकवर हुए थे।

मणिपुर और मिजोरम में भी एक्टिव केस बढ़े
मणिपुर और मिजोरम में भी पिछले हफ्ते एक्टिव केस में बढ़ोतरी देखी गई। हालांकि यह बढ़ोतरी एक हजार से कम रही। उधर, महाराष्ट्र के 6 जिलों में भी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इनमें मुंबई, पालघर, बुलढाना, सांगली, औरंगाबाद और परभनी शामिल है। मुंबई में फिलहाल 21 हजार एक्टिव केस हैं। इसमें पिछले हफ्ते 777 मरीजों की बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई है।

देश में लगातार घट रहे एक्टिव केस
देश में रविवार को कोरोना के 52,956 मामले सामने आए। इस दौरान 77,967 लोग ठीक भी हुए और 1,423 संक्रमितों की मौत हुई। नए मरीजों का आंकड़ा बीते 89 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले 23 मार्च को 47,239 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
इस तरह पिछले 24 घंटे में एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 26,457 की कमी रिकॉर्ड की गई। फिलहाल 6 लाख 97 हजार 893 मरीजों का इलाज चल रहा है। देश में 78 दिनों के बाद यह आंकड़ा 7 लाख से नीचे आया है। इससे पहले 3 अप्रैल को देश में 6 लाख 87 हजार 434 एक्टिव केस थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website