कोरोना: देश में 67,256 नए मरीज मिले और 2,329 की मौत, लेकिन 1.03 लाख ठीक भी हुए

कोरोना: देश में 67,256 नए मरीज मिले और 2,329 की मौत, लेकिन 1.03 लाख ठीक भी हुए

नई दिल्ली। देश में बुधवार को लगातार तीसरे दिन कोरोना के मामलों में मामूली बढ़त दिखी। 67,256 नए पॉजिटिव मिले। 2,329 संक्रमितों की मौत हुई और 1 लाख 3 हजार 853 ठीक हो गए। इससे पहले 14 जून को 60,008 और 15 जून को 62,214 नए मरीज मिले थे। बीते 24 घंटे में एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 38,950 की कमी आई। अभी 8 लाख 21 हजार 392 मरीजों का इलाज चल रहा है।

बीते दिन देश में सिर्फ 4 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश (UT) ही ऐसे रहे, जहां नए संक्रमितों की संख्या ठीक होने वाले मरीजों से ज्यादा रही। इनमें मणिपुर, मेघालय, मिजोरम और दादरा-नगर हवेली और दमन-दीव शामिल हैं। बाकी 32 राज्यों में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या ज्यादा रही।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 67,256
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.03 लाख
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 2,329
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.96 करोड़
अब तक ठीक हुए: 2.84 करोड़
अब तक कुल मौतें: 3.81 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 8.21 लाख

11 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 11 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

21 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

प्रमुख राज्यों के हाल

  1. महाराष्ट्र
    यहां बुधवार को 10,107 लोग संक्रमित पाए गए। 10,567 लोग ठीक हुए और 1,236 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 59.34 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 56.79 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.15 लाख लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 1.36 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।
  2. छत्तीसगढ़
    राज्य में बुधवार को 573 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 1,152 लोग ठीक हुए और 12 की मौत हो गई। अब तक 9.88 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.64 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13,354 लोगों की मौत हो चुकी है। 11,126 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
  3. गुजरात
    राज्य में बुधवार को 298 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 935 लोग ठीक हुए और 5 की मौत हो गई। यहां अब तक करीब 8.21 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8.03 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,012 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 8,242 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
  4. राजस्थान
    यहां बुधवार को 280 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 928 लोग ठीक हुए और 9 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 9.50 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.36 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,865 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 4,962 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  5. उत्तर प्रदेश
    यहां बुधवार को 251 लोग संक्रमित पाए गए। 927 लोग ठीक हुए और 49 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 17.03 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 16.74 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 21,963 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 6,496 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  6. दिल्ली
    दिल्ली में बुधवार को 212 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 516 लोग ठीक हुए और 25 की मौत हो गई। अब तक 14.31 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14.04 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 24,876 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 2,749 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  7. मध्यप्रदेश
    यहां बुधवार को 160 नए मामले सामने आए। 463 लोग ठीक हुए और 34 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 7.88 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.76 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,649 लोगों की मौत हो गई। 3,273 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website